UpdateMarts•Com
Follow Channel

30 August 2025

निर्वाचन सामग्री न लेने वाले 40 बीएलओ को नोटिस जारी

 

बिलारी। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची प्रकाशन के लिए लगाई गई डयूटी में तहसील क्षेत्र के 40 बीएलओ ने निर्धारित समय पर तहसील कार्यालय से निर्वाचन सामग्री नहीं ली। एसडीएम ने विभागाध्यक्षों के माध्यम से इन सभी चालीस बीएलओ को नोटिस जारी कराकर जवाब मांगा है।





बिलारी तहसील अंतर्गत कुंदरकी ब्लॉक की 99 ग्राम पंचायतों में 156 और बिलारी ब्लॉक की 98 ग्राम पंचायतों में 127 बीएलओ की डयूटी लगाई गई है। इन बीएलओ में परिषदीय स्कूलों के शिक्षक, शिक्षामित्र और आंगनबाड़ी वर्कर शामिल हैं। सभी बीएलओ को पहले ही तहसील के निर्वाचन कार्यालय से डयूटी पत्र भेजकर निर्वाचन सामग्री लेने की सूचना दे दी गई थी। निर्वाचन सामग्री प्राप्त करने की अंतिम तारीख 20 अगस्त निर्धारित की गई थी। शुक्रवार को तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय से जानकारी करने पर पता चला कि कुंदरकी ब्लॉक के 33 और बिलारी ब्लॉक के बीएलओ ने तहसील कार्यालय आकर निर्वाचन सामग्री प्राप्त नहीं की। 



एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बताया कि निर्वाचन कार्य डयूटी के प्रति लापरवाही दिखाना गंभीर मामला है। निर्वाचन सामग्री समय से न लेने वाले बीएलओ की सूची संबंधित विभागों को भेज दी गई है। विभागाध्यक्षों के माध्यम से नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उधर तहसील कार्यालय सूत्रों से यह भी पता चला है कि 50 बीएलओ ने स्वयं को बीमार होना बताकर बीएलओ डयूटी से मुक्त करने के लिए एसडीएम के समक्ष आवेदन किया है। एसडीएम ने ऐसे बीएलओ से कहा है कि फिलहाल वह अपने बूथ की निर्वाचन सामग्री प्राप्त कर काम शुरू करें। उनके द्वारा डयूटी से मुक्त करने के आवेदन में दिखाई गई वजह की जांच कराई जाएगी।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more