UpdateMarts•Com
Follow Channel

01 December 2025

स्कूलों में एआई-रोबोटिक्स की होगी पढ़ाई

 

प्रदेश के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक्स की भी पढ़ाई करेंगे। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) कक्षा पांच से 12वीं तक के लिए एआई और रोबोटिक्स का विशेष पाठ्यक्रम तैयार कर रहा है। इस कोर्स के माध्यम से छात्र न केवल रोबोट बनाना सीखेंगे, बल्कि उन्हें संचालित करने का व्यावहारिक कौशल भी हासिल करेंगे।



कोर्स को स्कूलों में लागू करने के लिए ट्रिपलआईटी और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) के बीच जल्द समझौता (एमओयू) होने की संभावना है। एमओयू के बाद ट्रिपलआईटी प्रस्ताव बनाकर राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) को भेजेगा। मंजूरी मिलते ही पाठ्यक्रम स्कूलों में लागू कर दिया जाएगा।


ट्रिपलआईटी के विशेषज्ञ बच्चों की कक्षा और उम्र के अनुरूप मॉड्यूल तैयार कर रहे हैं, ताकि बेसिक से लेकर एडवांस स्तर तक रोबोटिक्स और एआई की शिक्षा सरल व उपयोगी तरीके से दी जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस कोर्स के शामिल होने से छात्रों में नवाचार, तार्किक क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी भाग लेने लायक बन सकेंगे।

संस्थान के विशेषज्ञ एआई और रोबोटिक्स का स्कूली बच्चों के लिए पाठ्यक्रम तैयार कर रहे हैं। इसमें एक कंपनी का भी सहयोग लिया जा रहा है। यूपीएसडीएम से जल्द एमओयू हो जाएगा।


-प्रो. मुकुल शरद सुतावने, निदेशक, ट्रिपलआईटी

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more