उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष से मिले शिक्षक, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की उठाई मांग
बीसलपुर, पीलीभीत। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री दिनेश चंद्र शर्मा जी के जनपद पीलीभीत के बीसलपुर ब्लॉक आगमन पर शिक्षकों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिक्षक प्रतिनिधि संजय कुमार पाठक एवं राहुल कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात कर शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान संजय कुमार पाठक और राहुल कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष के सम्मुख मुख्य रूप से ‘अंतर्जनपदीय स्थानांतरण’ (Inter-District Transfer) का मुद्दा रखा। उन्होंने बताया कि हजारों शिक्षक लंबे समय से अपने गृह जनपद से दूर सेवा दे रहे हैं और वर्तमान में स्थानांतरण प्रक्रिया रुकी होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों ने मांग की कि संगठन के माध्यम से सरकार पर दबाव बनाया जाए ताकि जल्द से जल्द सुगम स्थानांतरण नीति लागू हो सके।
शिक्षकों की बात सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्री दिनेश शर्मा ने आश्वासन दिया कि संगठन शिक्षकों के हितों के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के संबंध में वर्तमान सरकार का रुख सकारात्मक है और संगठन लगातार शासन के संपर्क में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस विषय पर कोई सुखद निर्णय देखने को मिल सकता है।
इस अवसर पर बीसलपुर ब्लॉक के अन्य शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

