हाईस्कूल गणित पेपर में नकल प्रकरण: तीन प्रधानाचार्य समेत 10 पर एफआईआर
फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों सहित 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामला थरियांव थाना क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माध्यमिक इंटर कॉलेज से जुड़ा है, जहां हाईस्कूल गणित की परीक्षा में नकल पकड़ी गई थी।
जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान सचल दल ने निरीक्षण किया और पांच सॉल्वर को मौके पर पकड़ा। इसके बाद कॉलेज के प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक आरोपितों में खागा निवासी लक्ष्मण कुमार, गणेश कुमार, खखरेरू क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार, सूरज का पुत्र और एक नाबालिग भी शामिल है।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

