होली पर घर नहीं जा सकेंगे परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षक, मुख्यालय छोड़ने पर रोक
लखनऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान ड्यूटी निभा रहे शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को होली के मौके पर घर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव द्वारा जारी सख्त निर्देशों के बाद जिलों में इस आदेश का पालन शुरू हो गया है।
निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि बोर्ड परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी संबंधित मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। संयुक्त और अपर शिक्षा निदेशक भी बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर नहीं जा सकेंगे।
आदेश में कहा गया है कि परीक्षा अवधि में स्ट्रांग रूम की सतत निगरानी, आकस्मिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता और सीसीटीवी जांच सुनिश्चित की जाए।
वहीं, राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेशीय पदाधिकारियों ने इस फैसले का विरोध जताया है। उनका कहना है कि 1 से 8 मार्च तक परीक्षा नहीं है, इसलिए शिक्षकों को होली अवकाश में गृह जनपद जाने की अनुमति दी जानी चाहिए।

