प्रयागराज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 गुरुवार को संपन्न हो गई। इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा में पंजीकृत 2761696 में से लगभग 26 लाख तथा इंटर में पंजीकृत 2576082 परीक्षार्थियों में से 24.5 लाख उपस्थित रहे। दोनों में क्रमश: 161696 और 126082 कुल लगभग 2.87 लाख परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सचिव भगवती सिंह के अनुसार प्रदेश के 8033 परीक्षा केन्द्रों के लगभग 1.22 लाख परीक्षा कक्षों एवं परिसरों में 2.89 लाख से अधिक वॉइस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर 24 घंटे सातों दिन ऑनलाइन निगरानी की गई।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के चार जिलों प्रयागराज, कौशाम्बी, गाजीपुर एवं जौनपुर के 20 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा अवधि के दौरान जैमर स्थापित किए गए थे।
परीक्षा के दौरान 12 जिलों के 16 परीक्षा केन्द्रों पर मानक संचालन प्रक्रिया का पालन न करने एवं 11 जिलों के 17 परीक्षा केन्द्रों के संबंध में नकल सम्बन्धी शिकायत प्राप्त होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस साल केवल 49 मामलों में पंजीकृत मूल परीक्षार्थी के स्थान पर छद्म परीक्षार्थी परीक्षा देते हुए पकड़े गए हैं। इन सभी मामलों में बोर्ड के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई गयी है। इसके अलावा 18 परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़े गए हैं।
पांच जिलों में केंद्र से ऑनलाइन अपलोड होंगे अंक
प्रयागराज। बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कुल 250 केन्द्रों पर 18 मार्च से एक अप्रैल तक होगा। प्रदेश में निर्धारित कुल 75 संकलन केन्द्रों से 15 से 17 मार्च के बीच उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन केन्द्रों को भेजी जाएगी। पायलट प्रोजेक्ट के तहत पांच जिलों प्रयागराज, मेरठ, बरेली, वाराणसी एवं गोरखपुर में पारम्परिक व्यवस्था के साथ-साथ बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाइन अंक अपलोड किए जाने की व्यवस्था भी लागू की गयी है। मूल्यांकन केन्द्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से 24 घंटे सातों दिन सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर मूल्यांकन कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए सभी जनपदों में पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। साथ ही प्रत्येक मूल्यांकन केन्द्र पर जिलाधिकारी के स्तर से स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है। यूपी बोर्ड के कमांड एंड कन्ट्रोल रूम से सुबह आठ से रात आठ बजे तक सभी 250 मूल्यांकन केन्द्रों की ऑनलाइन निगरानी के लिए छह-छह घंटों की दो शिफ्ट में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।

