सीएम के आदेश के बावजूद कर्मचारियों और शिक्षकों को नहीं मिला वेतन
होली के चलते फरवरी माह का वेतन पहले जारी करने के थे निर्देश
लखनऊ, 2 मार्च 2026। होली पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री की ओर से फरवरी माह का वेतन फरवरी में ही जारी करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनरों के खातों में वेतन व पेंशन नहीं पहुंच सकी।
बताया गया कि शासन की ओर से 25 फरवरी को सभी विभागों को निर्देश जारी कर कहा गया था कि होली के कारण निर्धारित तिथि से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। शासनादेश में स्पष्ट उल्लेख था कि एक मार्च को सामान्य अवकाश तथा दो मार्च को होलिका दहन के सार्वजनिक अवकाश को देखते हुए सभी राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण व प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों और कार्यभारित कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन 28 फरवरी तक दिया जाए। साथ ही कोषागारों से पेंशन और पारिवारिक पेंशन का भुगतान भी समय से करने के निर्देश थे।
इसके बावजूद एक मार्च की रात तक अधिकांश कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा। इसे लेकर विभिन्न कर्मचारी और शिक्षक संगठनों ने नाराजगी जताई है। सचिवालय संघ के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर वेतन और पेंशन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। राज्य कर्मचारी महासंघ ने भी इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तुरंत भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की है।
बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के लाखों कर्मचारी, शिक्षक और पेंशनर होली से पहले वेतन न मिलने से मायूस हैं। संगठनों ने सरकार से जल्द से जल्द भुगतान कराने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों को त्योहार के दौरान आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

