24 March 2026

खंड शिक्षा अधिकारी पर तगड़ा ऐक्शन, सहायक शिक्षा निदेशक ने इस मामले में की कार्रवाई

 

यूपी के सीतापुर जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य में लापरवाही व अवकाश के संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए )को गुमराह करने के चलते ऐलिया ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी(बीईओ) कुलदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि में उन्हें मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) कार्यालय में संबद्ध किया गया है। पूर्व में भी उन पर एसआईआर कार्य के दौरान बिना किसी पूर्व सूचना के गैरहाजिर रहने के चलते जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देशन पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो चुका है।



विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के दौरान ऐलिया विकास खंड के बीईओ कुलदीप कुमार को पर्यवेक्षणीय दायित्वों के निर्वहन के लिए सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 29 नवंबर से वह बिना किसी सूचना के अनुपस्थित हो गए और मोबाइल फोन बंद कर लिया था। बीएसए के द्वारा कई बार बीईओ कुलदीप से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका था। जिसके बाद बीएसए ने बीईओ कुलदीप कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन कार्य दिवस में अपना स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी बीईओ कुलदीप कुमार द्वारा बीएसए को कोई भी स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। इसके साथ ही बीएसए को बिना बताए सहायक शिक्षा निदेशक(बेसिक) के पोर्टल पर ऑनलाइन अवकाश का आवेदन कर गुमराह करते हुए 43 दिन का उपार्जित अवकाश स्वीकृत करा लिया। जिसके बाद बीएसए ने बीईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी थी।


पूरे मामले की जांच बेसिक शिक्षा अधिकारी हरदोई को सौंपी गई थी। जांच में पाया गया कि, बीईओ कुलदीप कुमार के द्वारा लगातार निर्वाचन व विभागीय कार्यों में लापरवाही बरती गई है। जिसके बाद उनकी आख्या के आधार पर बीईओ कुलदीप कुमार को सहायक शिक्षा निदेशक ब्रजेश मिश्रा ने निलंबित करते हुए मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) कार्यालय में संबद्ध कर दिया है। पहले भी डीएम डॉ. राजा गणपति आर के नेतृत्व में आयोजित बैठक में एआईआर कार्य में हुई प्रगति की समीक्षा बैठक में लापरवाही, प्रगति संतोषजनक न पाए जाने व बिना सूचना के अनुपस्थित रहने के चलते उन पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।



मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक कार्यालय में संबद्ध

बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि एसआईआर कार्य में लापरवाही व बिना बताए लंबे समय से गैरहाजिर रहने के चलते ऐलिया ब्लॉक के बीईओ कुलदीप कुमार को सहायक शिक्षा निदेशक ने निलंबित करते हुए मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) कार्यालय में संबद्ध किया गया है।