प्रयागराज, राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) में मान्यता प्राप्त करने के लिए शिक्षण संस्थानों की ओर से लगातार आवेदन किए जा रहे हैं। वर्तमान सत्र में कुल 177 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 123 संस्थानों को ही मान्यता प्रदान की गई, जबकि 54 आवेदन निर्धारित मानकों, शुल्क पूरा न करने के कारण निरस्त कर दिए गए।
प्रयागराज से 12 संस्थान मानकों पर खरे उतरे और उन्हें मान्यता मिल गई, जबकि 2 संस्थानों के आवेदन निरस्त कर दिए गए। एनआईओएस अधिकारियों के अनुसार, कई संस्थानों ने 10 हजार का पंजीकरण शुल्क जमा करने के बाद 30 हजार मान्यता शुल्क नहीं जमा किया। वहीं कुछ संस्थानों में पर्याप्त कक्षाएं और पुस्तकालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं पाई गईं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मान्यता केवल उन्हीं संस्थानों को दी जाती है, जो पहले से किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से संबद्ध हों और निर्धारित सभी मानकों को पूरा करते हों।

