14 May 2026

चिंता :12वीं में इस बार कम छात्र पास हुए, मेधावी भी घटे

 

। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बुधवार को 12वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष परिणाम में कमी आई है। 90 और 95 फीसद अंक पाने वाले छात्रों की संख्या में भी कमी आई है। वहीं, छात्रों के मुकाबले 6.73 फीसदी अधिक छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं।



सीबीएसई के अनुसार, इस साल 17,68,968 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 15,07,109 ने परीक्षा उत्तीर्ण की, इनका पास प्रतिशत 85.20 है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष के मुकाबले 3.19 फीसद कम है। पिछले वर्ष 2025 में 16,92,796 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 14,96,307 उत्तीर्ण हुए थे, इनका पास फीसद 88.39 था।


इस वर्ष कुल 94,028 बच्चों (कुल विद्यार्थियों का 5.32 फीसदी) ने 90 फीसद से अधिक अंक हासिल किए हैं, वहीं 17,113 बच्चों (कुल विद्यार्थियों का 0.97 फीसद) ने 95 फीसदी या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इस बार पास होने वाले छात्रों में कमी और 90 या 95 फीसदी अंक पाने वाले छात्रों की संख्या में कमी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कहा कि यह बदलाव कुछ वर्षों में आते रहे हैं। इसके पीछे कोई एक कारण नहीं हो सकता है। ऐसा नहीं है कि सीबीएसई ने किसी तरह के मार्किंग में बदलाव किया है। इस बार ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम लाया है, जिससे कॉपियों को चेक करना आसान हुआ है। 1,63,800 को कंपार्टमेंट’ श्रेणी में रखा गया है, जो पिछले साल से दो फीसदी ज्यादा है। पिछले वर्ष 1,29,095 विद्यार्थी इस श्रेणी में थे। कंपार्टमेंट वाले छात्र पूरक परीक्षा दे सकते हैं। यह परीक्षा 15 जुलाई को होगी। इसके लिए आवेदन दो जून को खुलेगी।


छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर

लड़कियों ने एक बार फिर बाजी मारी और लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.86 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.13 प्रतिशत रहा।ट्रांसजेंडर श्रेणी के उत्तीर्ण दर शत प्रतिशत रही। ज्ञात हो कि देश में 19967 स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए 7573 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।