14 May 2026

जनगणना अभियान में लाएं तेजी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : मुख्य सचिव


लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जागरूकता अभियान को प्रमुखता से चलाने को कहा है, जिससे लोग जागरूक हों और वह स्वगणना की प्रक्रिया में हिस्सा लें। चेतावनी देते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्य सचिव ने अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि इसको लेकर गांव-गांव प्रचार प्रसार किया जाए। लोगों को अगर कोई संशय है तो उसको भी दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अनिवार्य है।

जनगणना के तहत वर्तमान में स्वगणना की चल रही है प्रक्रिया
22 मई तक चलेगी- 22 मई से प्रदेशभर में हाउस लिस्टिंग अभियान शुरू होगा

🔴 पांच जिलों में बरती जा रही लापरवाही: मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में प्रशिक्षण, मैपिंग या हाउस नंबरिंग का कार्य लंबित है, वहां तेजी से कार्य किया जाए। विशेष रूप से आगरा, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद और बरेली में तैयारियों को प्राथमिकता देने को कहा गया, क्योंकि यहां पर मानक से काम थोड़ा धीमा है। इसके अलावा उन्होंने नो योर एन्यूमरेटर अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए। इसके तहत प्रत्येक जिले की वेबसाइट, सोशल मीडिया मंचों और व्हाट्सएप समूहों पर गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र के कर्मचारियों की जानकारी आसानी से मिल सके।

🔴 स्वगणना में अब तक सोनभद्र अव्वल: बैठक में जनगणना संचालन निदेशक शीतल वर्मा ने बताया कि प्रदेश में सात मई से स्वगणना अभियान शुरू हुआ था। इसमें सोनभद्र, औरैया, मुरादाबाद, आजमगढ़, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मैनपुरी, भदोही, बरेली और श्रावस्ती जनगणना तैयारियों में शीर्ष 10 जिलों में शामिल हैं। हैरानी है कि प्रदेश की राजधानी इसमें काफी पीछे है।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक और गणना ब्लॉकों को 25 मई तक लाइव किया जाए।