14 May 2026

90 परिषदीय के 270 प्रधानाध्यापक और शिक्षकों का रोका वेतन

 

गाजीपुर,  । स्कूल चलो अभियान की सुस्त प्रगति पर बेसिक शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। अभियान के दौरान कक्षा एक और छह में एक भी नामांकन न होने पर 90 परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों 180 शिक्षकों का वेतन रोकते हुए तीन दिन स्पष्टीकरण तलब किया गया है। इससे प्रधानाध्यापक सहित शिक्षकों में खलबली मच गयी है। गाजीपुर में बेसिक शिक्षा परिषद के कुल 2266 परिषदीय विद्यालय संचालित है। विभागीय समीक्षा में सामने आया कि अभी तक 90 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 और छह में एक भी नामांकन दर्ज नहीं हुआ है। इनमें अबतक नए शून्य नामांकन है।




बीएसए कार्यालय से जारी नोटिस में इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वयं उपस्थित होकर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि जवाब संतोषजनक न मिलने पर कार्रवाई तय है। इसके साथ ही प्रेरणा पोर्टल पर नामांकन और प्रोन्नत विद्यार्थियों का डाटा समय पर अपलोड न करने पर भी विभाग ने नाराजगी जताई है। जिन विद्यालयों ने अब तक प्रोन्नत बच्चों का डेटा पोर्टल पर दर्ज नहीं किया है उन्हें तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं 90 प्रधानाध्यापक और 180 शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है।बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि विद्यालयों की ओर से नामांकन कार्य में शिथिलता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य है इसलिए सभी प्रधानाध्यापक निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण करें। बीएसए ने कहा कि 90 विद्यालयों में एक भी नामांकन नहीं हुआ है। जिसपर इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों का वेतन रोकने के साथ से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।