05 May 2026

एलटी ग्रेड विज्ञान के 29 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड (सहायक अध्यापक या प्रशिक्षित स्नातक) परीक्षा-2025 के विज्ञान विषय के 29 अभ्यर्थियों के मुख्य परीक्षा के आवेदन निरस्त कर दिए हैं। आयोग के अनुसचिव शैलेंद्र सिंह की ओर से जारी सूचना के अनुसार मुख्य परीक्षा के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद जिनके आवेदन निरस्त किए गए हैं, उनके निरस्तीकरण के कारण सहित सूचना वेबसाइट पर उपलब्ध है। निरस्तीकरण के संबंध में अभ्यर्थी आठ मई तक अपील कर सकते हैं।

सर्वाधिक 23 आवेदन अनिवार्य शैक्षिक अर्हता किसी विश्वविद्यालय, मानित विश्वविद्यालय या संस्था से भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के साथ स्नातक की उपाधि धारित न करने के कारण निरस्त हुए हैं।

आवेदन पत्र की हार्डकॉपी अंतिम तिथि 23 मार्च तक आयोग कार्यालय में जमा नहीं करने के कारण पांच अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त हुए हैं। जबकि राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय खेलों के उत्कृष्ट खिलाड़ी होने का दावा करने वाले एक अभ्यर्थी द्वारा कोई अभिलेख या प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने के कारण उसका आवेदन निरस्त किया गया है।