28 May 2026

भीषण गर्मी से तप रहे उत्तर भारत में कल से राहत के बूंदों के आसार, आंधी भी चलेगी

 

भीषण गर्मी से तप रहे उत्तर भारत में कल से राहत के बूंदों के आसार, आंधी भी चलेगी

यूपी में बांदा 47.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म, प्रयागराज दूसरे नंबर पर

 


नई दिल्ली। नौतपा में भीषण गर्मी में उत्तर से लेकर पश्चिम व मध्य भारत भी तप रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में आसमान से आग बरस रही है। यूपी में बांदा सबसे गर्म बना हुआ है, यहां बुधवार को 47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 46.4 डिग्री के साथ प्रयागराज दूसरे और 46 डिग्री पारे के साथ झांसी तीसरे स्थान पर रहा।

हालांकि, चक्रवाती व पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 से 31 मई के बीच यूपी के गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर समेत कई हिस्सों में मेघगर्जन, बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 29 मई को यूपी के कुछ स्थानों पर 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने का रेड अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली और एनसीआर की सुबह भी काफी गर्म रही। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री और अधिकतम 44.3 डिग्री रहा। पहाड़ भी तप रहे हैं। हिमाचल के ऊना में 44 और हमीरपुर के नेरी में 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

हरियाणा के रोहतक में 46.6 डिग्री व पंजाब के फरीदकोट में 46.1 डिग्री तापमान रहा। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 47 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

भीषण गर्मी व लू से पूरे देश को मिलकर निपटना होगा : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भीषण गर्मी व लू से निपटने के लिए राष्ट्रव्यापी दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया है। कैबिनेट की बैठक में बुधवार को प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रालयों से अपने स्तर पर भीषण गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बैठक में देश में भीषण गर्मी की स्थिति की समीक्षा की गई और राहत के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बड़ी चुनौती से सिर्फ एक मंत्रालय या अकेली सरकार नहीं निपट सकती। इसके लिए केंद्र, राज्य सरकारें व देश के आम नागरिक, सभी को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने सभी केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों, खासतौर पर स्वास्थ्य व जलशक्ति मंत्रालय को समन्वित रहने का निर्देश दिया, ताकि लू से बीमार लोगों के तुरंत इलाज मिल सके।

प्रधानमंत्री ने लोगों से अधिकतम सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि बाहर निकलते समय पानी साथ रखें, पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें और बुजुर्गों, बच्चों व धूप में काम करने वाले मजदूरों का विशेष ध्यान रखें।