05 May 2026

छठवीं से आठवीं तक के बच्चों का होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड पर दर्ज होगा मूल्यांकन


प्रयागराज। परिषदीय, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में शैक्षिक सत्र में समग्र प्रगति पत्र (होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड) का नया प्रारूप लागू किया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से जारी आदेश में अब कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं का मूल्यांकन केवल शैक्षणिक उपलब्धि तक सीमित न रहकर बल्कि उनके व्यक्तित्व, व्यवहार, जीवन कौशल और रुचियों के आधार पर भी किया जाएगा।


नए प्रारूप में प्रगति पत्र कुल आठ पेज का होगा। पहले पेज पर छात्र की सामान्य जानकारी और स्वास्थ्य विवरण दर्ज किया जाएगा। वहीं अगले चार पेज में संज्ञानात्मक विकास, व्यवहार, भावनात्मक स्थिति, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सीखने की प्रवृत्ति, जीवन कौशल और कलात्मक रुचियों का विस्तृत आकलन होगा।

छठे पेज पर शिक्षक के तरफ से छात्र के बारे में सकारात्मक और सुधारात्मक टिप्पणियां दर्ज की जाएंगी। साथ ही मासिक उपस्थिति और ‘मुझे पसंद है’ जैसे कॉलम भी शामिल होंगे। सातवें और आठवें पेज पर छात्र का स्व-मूल्यांकन, परीक्षा परिणाम, अभिभावक-शिक्षक संवाद और अभिभावक की प्रतिक्रिया दर्ज की जाएगी।

इस नई व्यवस्था में किसी भी प्रकार के अंक नहीं दिए जाएंगे बल्कि स्केल (तीन स्टार), मॉडरेट (दो स्टार) और स्ट्रीम (एक स्टार) के माध्यम से छात्र की प्रगति को दर्शाया जाएगा। शैक्षिक सत्र में सितंबर और मार्च के अंत में प्रगति पत्र भरा जाएगा। इसके बाद प्रधानाध्यापक अभिभावकों के साथ बैठक कर छात्रों की प्रगति पत्र सौंपेंगे।