19 June 2026

नौ से 12वीं तक प्रवेश को आवेदन पांच अगस्त तक



प्रयागराज । यूपी बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौ व 11वीं के अग्रिम पंजीकरण और हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होने वाले संस्थागत (रेगुलर) छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्र जमा करने की समय-सारिणी गुरुवार को जारी कर दी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार, कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं के प्रवेश की अंतिम तिथि पांच अगस्त है। जबकि हाईस्कूल कम्पार्टमेन्ट परीक्षा उत्तीर्ण एवं सन्निरीक्षा (स्क्रूटनी) में सफल हाईस्कूल के अभ्यर्थियों के कक्षा 11 में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 20 अगस्त है।


कक्षा नौ एवं 11वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण शुल्क (40 रुपये प्रति छात्र) चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करने एवं उसकी सूचना तथा शैक्षिक विवरण बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 25 अगस्त की रात 12 बजे तक है। ऑनलाइन अपलोड विद्यार्थियों के विवरणों की चेकलिस्ट प्राप्त कर प्रधानाचार्य 26 अगस्त से पांच सितंबर तक उनके विवरणों (नाम, माता/पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, विषय, फोटो आदि) की जांच करेंगे। इसके बाद छह से 20 सितंबर तक आवश्यक संशोधित/अपडेट किया जाएगा।