लखनऊ। देश के सबसे बड़े ग्रामीण बैंक के कर्मियों को प्रबंधन के एक आदेश ने बेचैन कर दिया है। इस बैंक में अब लंच टाइम यानि भोजनावकाश नहीं होगा। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने बगैर भोजनावकाश के सुबह से शाम तक ग्राहक सेवा कार्य जारी रखने का आदेश जारी किया है। इस बैंक की शाखाओं में अब सुबह 10 से शाम पांच बजे तक लगातार वित्तीय लेनदेन सहित अन्य कार्य होंगे। इस आदेश से बैंक कर्मियों में नाराजगी है।
बड़ौदा यूपी बैंक, आर्यावर्त बैंक और प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के विलय के बाद बने यूपी ग्रामीण बैंक ने ग्राहक सेवा और नकद लेन-देन के लिए संशोधित समय संबंधी आदेश जारी किया है। बैंक के मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि शाखाएं सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बैंकिंग कार्यों के लिए खुली रहेंगी। परिपत्र के अनुसार संशोधित समय का उद्देश्य व्यावसायिक घंटों के दौरान निर्बाध ग्राहक सेवा सुनिश्चित करना है। इसके लिए बैंक शाखाओं को दोपहर के भोजन के समय को प्रदर्शित न करने का निर्देश दिया गया है। बैंक ने शाखा प्रबंधकों को कर्मचारियों के लिए अलग-अलग समय पर दोपहर के भोजन के अवकाश की व्यवस्था करने को कहा है ताकि नकदी काउंटर सहित ग्राहक सेवा काउंटर काम के दौरान हर समय चालू रहें। बैंक ने स्पष्ट किया है कि दोपहर के भोजन की व्यवस्था एक आंतरिक प्रशासनिक मामला है और इससे ग्राहकों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।

