09 August 2026

युवा सिर्फ सवाल न पूछें, समाधान भी खोजें :मोदी

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को छात्रों से कहा कि दुनिया बदलेगी, प्रौद्योगिकी भी बदलेगी, उद्योग भी बदलेंगे, लेकिन इन सबके बीच जो सीखेगा वो जीतेगा।


उन्होंने कहा कि जो बातें बिना सोचे-समझे स्वीकार कर ली जाती हैं, जरा उन्हें परखिए। उन पर सवाल उठाइये। सिर्फ सवाल पूछकर मत रुकिए, उसके समाधान खोजने का साहस भी रखिए।



प्रधानमंत्री आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सोनीपत कैंपस स्थित परमप्रज्ञा सुपर कंप्यूटर का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि ऐसे समय में आप संस्थान से निकल रहे हैं जब दुनिया तेजी से बदल रही है। मोदी ने कहा कि कैंपस और उसके बाहर के जीवन में बहुत अंतर है। आईआईटी की परीक्षा में सिलेबस होता है, लेकिन जिंदगी की परीक्षा में सब कुछ आउट ऑफ सिलेबस होता है।



बेटियों की संख्या ज्यादा हो

मोदी ने शोध में संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा सेंटर, दुर्लभ खनिज, बैटरी, ऊर्जा भंडारण, ऊर्जा सुरक्षा जैसे क्षेत्र आपकी प्रतिभा, आपके नेतृत्व का इंतजार कर रहे हैं। भारत को नए शोध की जरूरत है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पदक विजेताओं में अगर एक-दो बेटियां भी होतीं तो और भी अच्छा होता। उन्होंने कहा, 'माफ कीजिए। सिर्फ एक-दो क्यों? उनकी संख्या और ज्यादा होनी चाहिए थी।' उन्होंने महिलाओं की अधिक भागीदारी पर जोर दिया।