लखनऊ। यूपी में 54109 आंगनबाड़ी केंद्रों में लर्निंग कॉर्नर खोले जाएंगे। परिषदीय स्कूलों के भवन में चल रहे इन आंगनबाड़ी केंद्रों को बाल वाटिका के रूप में विकसित किया गया है। अब प्रत्येक में पांच-पांच हजार रुपये से सामग्री खरीदी जाएगी। इसके लिए 27.05 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
लर्निंग कॉर्नर में बच्चों की जरूरत के अनुसार चित्र व कहानी की किताबें, स्लेट, इंटरएक्टिव बुक मार्क, साक्षरता संबंधी पोस्टर, हिंदी व अंग्रेजी में अक्षर सेट, रंगीन कागज व क्रेयान उपलब्ध कराए जाएंगे। प्लास्टिक के फल-सब्जी, क्ले और आर्ट शीट रखी जाएगी। इसके माध्यम से छात्र रोचक ढंग से पढ़ाई कर सकेंगे और सीख सकेंगे। यहां पर भारतीय मुद्रा किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बच्चों को भारतीय मुद्रा के बारे में जानकारी मिल सके।
विभिन्न आकार के रंगों के ब्लॉक, चित्र, पहेली, संख्या सेट और कठपुतली व किचन सेट भी होगा। फिलहाल बच्चों को खेल-खेल में रोचक ढंग से पढ़ाई कराने के लिए यह लर्निंग कॉर्नर विकसित किए जाएंगे। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर जल्द सामग्री खरीदी जाएगी, जिससे बच्चे उसका जल्द से जल्द उपयोग कर सकें।

