09 August 2026

भर्ती से पहले समकक्षता तय करेगी समिति

 



● 

एडेड महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती का मामला


● 


शिक्षा निदेशालय ने 2107 पदों का अधियाचन भेजा

प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त 2107 पदों पर चयन से पहले उच्च स्तरीय समिति समकक्ष अर्हता तय करेगी। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को अधियाचित सभी विषयों/उपाधियों (शैक्षिक अर्हता/विशेष अर्हता) की समकक्षता स्पष्ट करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।


शासन में उच्च शिक्षा अनुभाग के उपसचिव संजय कुमार द्विवेदी की ओर से चार अगस्त को जारी आदेश में विशेष सचिव बद्री नाथ सिंह की अध्यक्षता में गठित समिति से 15 कार्यदिवसों के भीतर स्पष्ट संस्तुति सहित प्रस्ताव (कार्यवृत सहित) प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।


समिति में उच्च शिक्षा निदेशक की ओर से नामित अधिकारी को सदस्य सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सचिव की ओर से नामित अधिकारी और लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति के नामित अधिकारी को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। कार्मिक विभाग की ओर से सात अक्तूबर 2021 को यह निर्देश दिए गए हैं कि जहां कहीं भी भर्ती के नियमों में विहित अर्हता के साथ-साथ समकक्ष अर्हता का उल्लेख हो वहां चयन प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व ही समकक्ष अर्हता स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के उपरांत ही चयन के लिए अधियाचन चयनकर्ता अधिकरणों को भेजा जाए।


चयनकर्ता अधिकरणों जैसे लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ तथा विभिन्न बोर्ड आदि से भी पद विज्ञापित करने से पूर्व समकक्ष अर्हता निर्धारित करते हुए विज्ञापन में उसका स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है। यही कारण है कि चयन आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती शुरू करने से पहले समकक्षता स्पष्ट करने का अनुरोध किया था।