01 August 2026

निर्देश: परिषदीय शिक्षकों को लगानी होगी ऑनलाइन हाजिरी

परिषदीय शिक्षकों को लगानी होगी ऑनलाइन हाजिरी

निर्देश

  • सीएम डैशबोर्ड पर की जाएगी प्रतिदिन समीक्षा

  • बीएसए ने ऑनलाइन हाजिरी के दिए निर्देश

हाथरस, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों की ऑनलाइन उपस्थिति तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दी गई है। अब प्रतिदिन विद्यालय आगमन एवं प्रस्थान के समय ऑनलाइन टीचर मॉड्यूल पर हाजिरी दर्ज करनी होगी, जिसकी नित्य प्रति समीक्षा सीधे मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर की जाएगी। बिना कारण विलंब या अनुपस्थिति को शासकीय आदेशों की अवहेलना माना जाएगा।

प्रत्येक प्रधानाध्यापक अपने विद्यालय की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति के लिए उत्तरदायी होंगे। नेटवर्क या तकनीकी समस्या की स्थिति में प्रधानाध्यापक को उसी दिन खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित सूचना देनी होगी और समस्या दूर होते ही उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

बीईओ प्रतिदिन अपने ब्लॉक की ऑनलाइन समीक्षा करेंगे, अनुपस्थित विद्यालयों पर कार्रवाई करेंगे और रिपोर्ट कार्यालय भेजेंगे। बिना उचित कारण ऑनलाइन हाजिरी न लगाने वाले कार्मिकों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के तहत विभागीय कार्रवाई होगी। बार-बार लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक और खंड शिक्षा अधिकारी दोनों का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।