मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा ने बुधवार को विश्वविद्यालय की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल छात्रा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। छात्रा के चाचा ने थाने में तहरीर देकर विवि प्रशासन पर आत्महत्या के लिए उकसाने, उत्पीड़न करने और नकल का फर्जी आरोप लगाने की बात कही। मजिस्ट्रेट ने घायल छात्रा के अस्पताल में बयान दर्ज किए हैं। गंगानगर के बक्सर निवासी शिवानी कृषि विवि में बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा है। 29 जुलाई को परीक्षा के दौरान शिवानी पर नकल का आरोप लगाते हुए परीक्षा कक्ष में मौजूद एग्जामिनर अभिषेक ने उसका पेपर निरस्त कर दिया था। घटना के बाद से शिवानी मानसिक तनाव में थी। उसने मामले की शिकायत विभाग की अध्यापिका डॉ. दीपाली से की थी। उन्होंने चार दिन में कमेटी बनाकर निर्णय लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
बुधवार को शिवानी विभागाध्यक्ष डॉ. जैनिथा इमानुएल से मिलने पहुंची थी। आरोप है कि वहां भी उसे संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। विभाग से निकलने के बाद लगभग डेढ़ बजे शिवानी भवन की तीसरी मंजिल पर पहुंची और छलांग लगा दी।
कूदने से पहले लिखे दो सुसाइड नोट
बताया गया कि शिवानी को आत्महत्या के लिए उकसाया गया। शिवानी ने सुसाइड से पहले दो सुसाइड नोट लिखे थे। इनमें उसने पूरा घटनाक्रम, परीक्षा के दौरान लगे आरोप, मानसिक प्रताड़ना और अपनी पीड़ा का उल्लेख किया है। सूचना मिलते ही दौराला पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन भी पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुटा है। वहीं छात्र नेता सागर चौधरी सलारपुर के नेतृत्व में दर्जनों छात्र दौराला थाने पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर विभागाध्यक्ष, संबंधित अध्यापिका और परीक्षा निरीक्षक के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वर्जन...
छात्रा के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर में विभागाध्यक्ष, संबंधित अध्यापिका और परीक्षा निरीक्षक पर आरोप लगाए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। - शिव ठाकुर, सीओ दौराला
