14 September 2026

जिले में जनगणना ड्यूटी में बड़ा बदलाव! दूसरे ब्लॉक में लगी ड्यूटी से लेकर मानदेय तक आया बड़ा अपडेट

 

प्रिय शिक्षक साथियों,


आज उप जिलाधिकारी (SDM) महोदय, हर्रैया की अध्यक्षता में जनगणना ड्यूटी को लेकर खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों के बीच एक अत्यंत सकारात्मक एवं विस्तृत बैठक संपन्न हुई।


बैठक में पूर्व में मकान गणना के दौरान आई तकनीकी व व्यावहारिक विसंगतियों और उनके त्वरित समाधान पर गहन चर्चा की गई। बैठक के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:


HLB का पुनरीक्षण (Revision): इस बार कार्यभार संतुलित रखने के लिए 850 से 900 की जनसंख्या के अनुपात पर ही प्रगणकों की ड्यूटी निर्धारित की जाएगी। पूर्व की बड़ी एवं छोटी HLB को रिवाइज किया जा रहा है।



ड्यूटी स्थल व संशोधन: सामान्यतः सभी कार्मिकों की ड्यूटी पूर्व आवंटित HLB में ही रहेगी। हालांकि, जिन साथियों की ड्यूटी किसी अन्य ब्लॉक में लग गई है और वे गृह ब्लॉक में संशोधन चाहते हैं, वे अविलंब अपने खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें।


ड्यूटी विमुक्ति की शर्त: अत्यंत विषम व अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर ड्यूटी निरस्त नहीं की जाएगी। किसी भी स्थिति में ड्यूटी विमुक्ति हेतु संबंधित BEO की स्पष्ट संस्तुति अनिवार्य होगी।


प्रशिक्षण व कार्य अवधि: दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण अक्टूबर माह में प्रस्तावित है। मुख्य गणना कार्य 1 दिसंबर से 5 जनवरी की अवधि में संपन्न कराया जाएगा।


बकाया मानदेय का निस्तारण: यदि किसी भी साथी का पूर्व कार्य का मानदेय अभी तक लंबित है, तो वे बैंक स्टेटमेंट सहित प्रार्थना पत्र संबंधित BEO से अग्रसारित कराकर तहसील में तत्काल जमा कराएं।



संगठन आप सभी शिक्षक साथियों के सम्मान, कार्य सुगमता और न्यायोचित अधिकारों के लिए सदैव सजग एवं तत्पर है।


भवदीय,


देवेन्द्र वर्मा


जिला संयोजक


उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद-बस्ती