12 September 2026

बीएसए ने मांगा काम का हिसाब लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

 

कानपुर देहात। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में समन्वय बैठक हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं और विद्यालयों में चल रहे कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। बीएसए ने एफएलएन प्रशिक्षण, निपुण भारत मिशन, शिक्षकों की प्रमाणित उपस्थिति, पाठ्य-पुस्तक वितरण और विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय आय आधारित परीक्षा की तैयारियों को समय से पूरा कराने के साथ रिक्त विद्यालयों में बाल वाटिका संचालन की स्थिति सुधारने को कहा।


जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण व नीलामी की प्रक्रिया पूरी कराने, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने और अमान्य विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए।


उन्होंने विद्यालय प्रबंध समिति के नए खाते खोलने, अनुदानित विद्यालयों में कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शिक्षकों के चयन वेतनमान सहित कर्मचारियों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। बीएसए ने चेताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर कार्य लंबित रखने या किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बीईओ मनोज कुमार सिंह (अकबरपुर), अजब सिंह (रसूलाबाद/मैथा), अजीत प्रताप सिंह (सरवनखेड़ा), अशोक कुमार सिंह (राजपुर), शैलेश द्विवेदी (झींझक), ईश्वरकांत मिश्रा (अमरौधा), सपना सिंह (मलासा), आनंद भूषण (संदलपुर) और चंद्रजीत सिंह (डेरापुर) मौजूद रहे। जिला समन्वयक सौरभ श्रीवास्तव, अरुणेश सिंह, विनय विश्वकर्मा, राजीव सर, अश्वनी कुमार आनंद, देशवीर सिंह और देवेश धर दुबे सहित पटल सहायक उपस्थित रहे।