12 September 2026

गुडमॉर्निंग नहीं बोला तो मारती हैं मैडम, BSA ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब

 Primary ka master news

 उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में स्कूल की प्रधानाचार्य पर एक छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। छात्र का आरोप है कि स्कूल में गुडमॉर्निंग नहीं बोलने और टॉयलेट साफ करने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। मामला सामने आने के बाद छात्र अपने परिजनों के साथ तहसील पहुंचा और प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है।शिक्षा



छात्र ने टीचर पर लगाए गंभीर आरोप


मामला पुरवा तहसील क्षेत्र के मदारपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय का है। यहां अनामिका भारती प्रधानाचार्य के पद पर तैनात हैं। एक छात्र ने उनके खिलाफ मारपीट और स्कूल का काम कराने के आरोप लगाए हैं।


छात्र का कहना है कि मैडम स्कूल में बच्चों से काम करवाती हैं। छात्र के मुताबिक, अगर बच्चे उन्हें गुडमॉर्निंग नहीं बोलते हैं तो उनके साथ मारपीट की जाती है। छात्र ने टॉयलेट की सफाई को लेकर भी आपत्ति जताई है।





परिजन स्कूल पहुंचे तो हुआ विवाद

छात्र ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य से बच्चे को मारने की वजह पूछी। इसी दौरान प्रधानाचार्य और छात्र के परिजनों के बीच विवाद हो गया।

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।




वायरल वीडियो में क्या कहती दिखीं प्रधानाचार्य?

वायरल वीडियो में प्रधानाचार्य अनामिका भारती बच्चों को पढ़ाने और अनुशासन को लेकर अपनी बात रखती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में वह यह कहते हुए दिखाई देती हैं कि अगर उन्हें बच्चों को पढ़ाने का अधिकार है तो क्या गलती होने पर उन्हें एक थप्पड़ भी नहीं मार सकतीं।

वीडियो में वह स्कूल में चपरासी नहीं होने की बात भी कहती हुई दिखाई देती हैं। उनके मुताबिक, स्कूल में कोई चपरासी नहीं है, इसलिए छात्रों को स्कूल की साफ-सफाई करनी पड़ती है।

हालांकि, वायरल वीडियो और छात्र की ओर से लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

परिजनों के साथ SDM के पास पहुंचे छात्र

मामले में 9 अगस्त को स्कूल के कुछ छात्र अपने परिजनों के साथ पुरवा तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने उप जिलाधिकारी दिग्विजय सिंह से मुलाकात कर प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत की।


छात्रों के साथ स्कूल की रसोइया भी मौजूद रही। शिकायत के जरिए प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।




BSA ने जारी किया कारण बताओ नोटिस\

मामला सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। बीएसए शैलेश पांडे ने बताया कि घटना को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने स्कूल की प्रधानाचार्य अनामिका भारती को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रधानाचार्य को तीन दिन के भीतर अपना जवाब दाखिल करना होगा।




बीएसए के मुताबिक, अगर प्रधानाचार्य की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।