68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन कराने की मांग को लेकर आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने सोमवार को एक बार फिर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव किया।
सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपमुख्यमंत्री के आवास के मुख्य द्वार पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान अभ्यर्थियों ने सीटी और घंटियां बजाकर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया तथा जोरदार नारेबाजी की। अभ्यर्थियों ने है हक हमारा आरक्षण, हम लेकर रहेंगे आरक्षण, केशव चाचा बाहर आओ, पिछड़ों की हालत देख के जाओ, ओबीसी आयोग के आदेश का पालन करो और ओबीसी आयोग ने माना है, आरक्षण घोटाला है जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन और अभ्यर्थियों के बीच तीखी नोकझोंक एवं धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस ने अभ्यर्थियों को बसों में बैठाकर ईको गार्डन पहुंचाया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह व आशुतोष वर्मा ने कहा कि 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति का मुद्दा सात वर्षों से लंबित है।

