बीएड शिक्षक बोले-हमें जनगणना ड्यूटी से मुक्त करो:नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, कहा-ब्रिज कोर्स भी पुराना कराना है
बरेली में प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएड योग्यताधारी शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त करने की मांग की है। शनिवार को संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम के नाम नायब तहसीलदार सिमरन को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों का कहना है कि ब्रिज कोर्स और जनगणना ड्यूटी एक साथ होने से उन्हें दोनों जिम्मेदारियां निभाने में परेशानी हो रही है।
ब्रिज कोर्स और जनगणना ड्यूटी से बढ़ रहा दबाव
जिला उपाध्यक्ष अरविंद गंगवार के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षकों ने बताया कि बीएड योग्यताधारी शिक्षकों के लिए ब्रिज कोर्स पूरा करना जरूरी है। इसी दौरान जनगणना ड्यूटी मिलने से समय प्रबंधन में दिक्कत आ रही है।
संघ का कहना है कि दोनों कार्य एक साथ करने से शिक्षकों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। इससे ब्रिज कोर्स समय पर पूरा करने में भी परेशानी हो सकती है।
दूसरे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की मांग
प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रशासन से मांग की है कि बीएड योग्यताधारी शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त किया जाए। उनकी जगह अन्य कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि शिक्षक बिना किसी बाधा के ब्रिज कोर्स पूरा कर सकें।
ये शिक्षक रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान अमित कुमार, आनंद प्रकाश, तेजपाल सिंह, विजयपाल गंगवार, सरला, धर्मपाल गंगवार, भारतवीर गंगवार, नितिन कुमार, मुकेश कुमार और धीरेंद्र कुमार सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
