हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

03 November 2026

शिक्षकों ने तेज की पदोन्नति की मांग, बीएसए को दिया मांगपत्र


महराजगंज, । परिषदीय विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के रिक्त पदों पर पदोन्नति की मांग तेज हो गई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी और जिला मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों ने बीएसए को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की।



विद्यालयों में रिक्त पदों से प्रभावित व्यवस्था

जिला मंत्री ने बताया कि जनपद में वर्तमान समय में जूनियर हाईस्कूल के सभी 678 विद्यालय प्रधानाध्यापक विहीन हैं। इसके अलावा करीब 700 प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और जूनियर स्तर पर लगभग 1000 सहायक अध्यापकों के पद रिक्त हैं। शिक्षकों के पद रिक्त रहने से विद्यालयों में शिक्षण कार्य के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने विशेष अपील संख्या 652/2024 में 30 अप्रैल 2025 को महत्वपूर्ण निर्णय दिया। वहीं 13 अक्टूबर 2026 को अपर मुख्य सचिव की ओर से जारी शासनादेश के अनुपालन में पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। लेकिन अब तक पदोन्नति लाभ नहीं मिला है।

पदोन्नति और वरिष्ठता सूची की मांग

शिक्षक प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में स्वीकृत पदों और रिक्तियों की समीक्षा कर प्रधानाध्यापकों की तैनाती की जाए। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर सहायक अध्यापकों की वरिष्ठता सूची नियमानुसार तैयार की जाए। सूची बनाते समय विभिन्न भर्तियों के चयन गुणांक, चयन सूची क्रमांक और संबंधित अभिलेखों का मिलान कर उसे सार्वजनिक किया जाए। इस दौरान जिला संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक, धन्नू चौहान, मनोज वर्मा, राजेश यादव, धीरज शाही, सतीश गुप्ता, कृष्ण कुमार जायसवाल, सरिता मिश्रा, कृष्ण कुमार मद्धेशिया, नीलाम्बुज मालवीय, अंगद यादव, आदित्य गुप्ता व नीरज मौर्य समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more