हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

11 November 2026

शिक्षक संकुल बैठकों में बनेगी अर्द्धवार्षिक परीक्षा की रणनीति

*शिक्षक संकुल बैठकों में बनेगी अर्द्धवार्षिक परीक्षा की रणनीति

16 नवंबर को प्रदेशभर में आयोजित बैठकों में होगी विशेष चर्चा 

लखनऊ: प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए 16 नवंबर को प्रदेशभर में शिक्षक संकुल बैठकों का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 से 3 बजे तक चलने वाली इन बैठकों में 17 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की रणनीति पर विशेष चर्चा होगी।


महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के अनुसार, बैठकों का उद्देश्य शिक्षकों के अनुभव, नवाचार और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को साझा करना है। साथ ही कक्षा में पढ़ाए गए पाठों का नियमित रिवीजन कराने पर जोर दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थी परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।

*होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड की होगी समीक्षा

अर्द्धवार्षिक परीक्षा से पहले पाठ्यक्रम की प्रगति और उसे निर्धारित समय में पूरा करने की कार्ययोजना की समीक्षा की जाएगी। शिक्षक महत्वपूर्ण विषयों की पहचान करेंगे और प्रश्नों के अभ्यास व विद्यार्थियों की तैयारी को लेकर रणनीति बनाएंगे। प्रथम यूनिट टेस्ट के बाद प्रत्येक विद्यार्थी का होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड भरने और अर्द्धवार्षिक परीक्षा के बाद उसे अपडेट करने की समीक्षा होगी।

निपुण लक्ष्य और डिजिटल आंकड़ों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। यू-डायस प्लस पोर्टल पर विद्यालय, छात्र और शिक्षक प्रोफाइल से संबंधित आंकड़ों को अपडेट करने तथा समस्याओं के समाधान पर चर्चा होगी। वहीं, प्रेरणा पोर्टल पर खेलकूद गतिविधियों का विवरण समय से दर्ज करने की समीक्षा की जाएगी। बैठक में प्रार्थना सभा से लेकर शिक्षक संकल्प तक की गतिविधियों को भी एजेंडा में शामिल किया गया है।

प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षकों के लिए अलग एजेंडा

बैठकों में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए अलग-अलग एजेंडा तय किया गया है। इसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, बालवाटिका (पूर्व-प्राथमिक) को सक्रिय बनाने के नए तरीके और बच्चों में चिंतन, समस्या समाधान व आलोचनात्मक सोच विकसित करने पर चर्चा होगी। प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग, पीयर लर्निंग और समूह आधारित गतिविधियों के जरिये विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के उपाय भी साझा किए जाएंगे। डिजिटल संसाधनों के इस्तेमाल और शिक्षण के सफल प्रयोगों पर भी विचार होगा।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more