चेन्नई/अमरावती, एजेंसी। आंध्र प्रदेश अभी हाल ही में ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ चक्रवातों की मार से उबरा भी नहीं है कि अब तीसरे चक्रवात का खतरा मंडराने लगा है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव क्षेत्र सोमवार शाम चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदल गया। यह तूफान लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने तटीय इलाकों में एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी हैं। आईएमडी ने बताया कि इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना और पुडुचेरी में बारिश होने के आसार हैं। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। चक्रवाती तूफान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तट पर नेल्लोर और तुनी के बीच से गुजरने का अनुमान है। इसकी रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान: तमिलनाडु के संबंध में मौसम विभाग ने बताया कि 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा 18 नवंबर से कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जिलों के साथ-साथ पड़ोसी केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में भी भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा में निकासी की तैयारी: ओडिशा सरकार ने सोमवार को दक्षिणी क्षेत्र के जिला प्रशासनों को संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने का काम जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। गंजाम के जिलाधिकारी कीर्ति वासन वी ने कहा कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कर्मचारी और मशीनें तैयार हैं।

