जनगणना 2027 के लिए हो रही स्वगणना में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने के कारण शिक्षण कार्य बाधित न हो, इसके लिए डीआईओएस ने आदेश जारी किया है। डीआईओएस संतोष कुमार राय ने सोमवार को सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक एवं वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा एवं छात्रों के शैक्षिक हितों को ध्यान में रखते हुए उनके विद्यालय में जिन शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है, उन्हें विद्यालय में अपने विषय की कक्षाएं लेने के बाद स्वगणना कार्य में फील्ड विजिट के लिए मुक्त करते हुए स्वगणना कार्य में सक्रिय योगदान के लिए निर्देशित करें।
आदेश में कहा है कि इसके लिए उन शिक्षकों की समय-सारिणी में भी आवश्यक परिवर्तन करते हुए विद्यालय में कक्षाओं और स्वगणना कार्य में समन्वय स्थापित कराना सुनिश्चित करें। गौरतलब है कि जिले के कई माध्यमिक एवं परिषदीय विद्यालयों में तकरीबन सभी शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगा दी गई है। इसके चलते पठन-पाठन पर विपरीत असर पढ़ने की आशंका है। इस संबंध में आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने सोमवार के अंक में समाचार भी प्रकाशित किया है। इसके बाद डीआईओएस तरफ से यह आदेश जारी किया गया है।
प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। जनगणना-2027 के तहत सोमवार से जिले में स्वगणना अभियान शुरू हो गया। पहले दिन फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल और कोरांव के विधायक राजमणि कोल ने स्वयं और अपने परिवार की स्वगणना कर लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
अभियान के तहत एडीएम ने हाईकोर्ट पहुंचकर अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया। उन्हें पोर्टल पर ऑनलाइन विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया बताई और परिवार समेत स्व-गणना करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा नगर निगम, तहसीलों, नगर निकायों और कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराएं। उन्होंने जिले के लोगों से 30 नवंबर तक अपनी और परिवार की स्व-गणना पूरी करने की अपील की है। स्व-गणना के लिए मोबाइल या कंप्यूटर से आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर परिवार का विवरण दर्ज किया जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली संदर्भ संख्या (एसई आईडी) को सुरक्षित रखना होगा। घर-घर गणना के दौरान प्रगणक को यह संख्या उपलब्ध करानी होगी। स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।

