UpdateMarts•Com
Follow Channel

19 January 2022

संतकबीरनगर : ट्रेजरी का सहायक लेखाकार घूस लेते पकड़ा गया, घसीटते हुए ले गई एंटी करप्शन टीम


संतकबीरनगर जिले के ट्रेजरी कार्यालय में तैनात सहायक लेखाकार अवधेश मिश्र को एंटी करप्शन विभाग गोरखपुर की टीम ने मंगलवार को 20 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए सहायक लेखाकार ने बचने की कोशिश की तो उसे घसीटते हुए ले जाना पड़ा। इस कार्रवाई से ट्रेजरी कार्यालय में हड़कम्प मच गया। सभी कर्मचारी सकते में आ गए। एंटी करप्शन टीम सहायक लेखाकार को लेकर सीधे कोतवाली पहुंची, जहां मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही साक्ष्य इकट्ठा करने में जुट गई।


एंटी करप्शन टीम का नेतृत्व कर रहे निरीक्षक चन्द्रेश यादव ने बताया कि धनघटा थाना क्षेत्र के खाजों गांव निवासी रजनीश राय ने दो दिन पूर्व शिकायत दर्ज कराई थी कि पारिवारिक पेंशन का लाभ ले रही उनकी मां इन्द्रावती राय की पेंशन का रिवीजन हुआ है। इसके बाद 1 लाख 24 हजार 522 रुपये एरियर बना है। इसके भुगतान के लिए ट्रेजरी के सहायक लेखाकार अवधेश मिश्र बीस हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। उनकी शिकायत की जांच की गई तो मामला सही मिला।

इसके बाद मंगलवार को रजनीश राय को केमिकल लगे 20 हजार रुपये के नोट दिए गए और वह ट्रेजरी पहुंचे। रजनीश के साथ एंटी करप्शन टीम भी पहुंची। सहायक लेखाकर ने अपनी टेबल पर ही घूस की रकम लेकर उसे गिनना शुरू कर दिया। उसके बाद टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि अवधेश मिश्र के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, उसके बाद न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जाएगा।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more