UpdateMarts•Com
Follow Channel

10 January 2022

UP Weather update : आज भी बारिश और कोहरे के आसार


पश्चिमी विक्षोभ की लगातार सक्रियता के कारण यूपी में बारिश व कोहरे का दौर जारी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी यूपी में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। मौसम बुलेटिन के मुताबिक, रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक 40 मिमी बारिश नजीबाबाद में रिकॉर्ड हुई। यहां न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम रहा। वहीं, मेरठ में 16.6 मिमी बारिश हुई। आगरा, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर, कानपुर, हरदोई, गोरखपुर, सुल्तानपुर में भी बारिश रिकॉर्ड की गई। लखनऊ में .8 मिमी बरसात हुई।

अवध क्षेत्र के जिलों में हो रही बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित हो गया है। वहीं सरसों, आलू व गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। रायबरेली में बिजली गिरने से बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। अयोध्या में रविवार को 5.6 मिमी. वर्षा रिकॉर्ड की गई है। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि अगले 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने व बूंदाबांदी की संभावना है।

बाराबंकी में शनिवार आधी रात के बाद तेज हवा व गरज चमक के साथ हुई बरसात के कारण सरसों की फसल खेतों में बिछ गई। आलू के खेतों में पानी भरने से जिले के जिन हिस्सों में तेज बरसात हुई वहां के किसानों को का मानना है कि इससे उत्पादन प्रभावित होगा। लगातर बरसात के कारण अब आलू व गेहूं की फसल भी प्रभावित होने लगी है।

रायबरेली में रविवार को सुबह से देर शाम तक बूंदाबांदी व धीमी बारिश का दौर जारी रहा। परशदेपुर के नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे उसरहा मजरे बभनपुर गांव निवासी किसान पृथ्वी पाल (80) शनिवार रात मवेशियों से खेत की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान बारिश के साथ बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पत्नी बुधना देवी के अलावा दो अन्य परिवारीजनों का रो रोकर हाल बेहाल है। नसीराबाद एसओ दयानंद तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अमेठी में तीन दिन से लगातार हो रही बूंदाबांदी रविवार को भी जारी रही।

सुल्तानपुर में लगातार पांचवें दिन मौसम खराब रहा। शनिवार रात में बूंदाबांदी के बाद रविवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। बारिश से गेहूं के अलावा अन्य फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने व कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना जताई है। सीतापुर में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दोपहर करीब दो बजे बरसात शुरू हो गई। दो घंटे तक बरसात होती रही।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more