हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

01 June 2022

6800 पदों पर भर्ती की मांग के लिए निदेशालय का घेरा


6800 पदों पर भर्ती की मांग के लिए निदेशालय का घेराव




लखनऊ । 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंगलवार को निशातगंज स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय का घेराव किया। चिलचिलाती धूप में शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने 6800 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। अभ्यर्थियों ने करीब पांच से छह घंटे तक प्रदर्शन किया। महानिदेशक बेसिक शिक्षा से वार्ता के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को ईको गार्डेन छोड़ा। सोमवार को अभ्यर्थियों ने परिवर्तन चौक पर भी जोरदार प्रदर्शन किया था।

शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने सुबह से ही बेसिक शिक्षा निदेशालय पर 6800 पदों पर नियुक्ति पत्र दिए जाने को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस और अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई बात नहीं बनी। अभ्यर्थी मुख्यमंत्री जी से मुलाकात की बात पर अड़े रहे। बहुत मान मनौव्वल के बाद आखिर चार बजे महानिदेशक बेसिक शिक्षा से वार्ता को अभ्यर्थी राजी हुए। अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधि ने महानिदेशक से मुलाकात की।

अभ्यर्थियों का कहना था कि कोर्ट ने नियुक्ति पर कोई रोक नहीं लगाई है। इस दौरान अभ्यर्थियों ने सुपर न्यूमेरिक पोस्ट के माध्यम से विभाग में नए पद सृजित कर 6800 पदों पर नियुक्ति का रास्ता सुझाया। अभ्यर्थियों को पुलिस ने ईको गार्डेन छोड़ा।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more