पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, जानें कब आएगा यूपी में मानसून

 भीषण गर्मी और उमस बस चंद दिनों की मेहमान है। पूर्वी यूपी के ऊपर कुछ ऐसे कारक तैयार हो रहे हैं, जो लखनऊ ही नहीं पूरे प्रदेश का मौसम बदल देंगे। मानसून की फुहारें 17 जून से भिगोना शुरू कर देंगी। गर्मी से राहत मिलेगी।

शनिवार को भी लखनऊ को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिली। सुबह से सात बजे ही पारा 33 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, तापमान में भी बढ़ोतरी होती गयी। दोपहर तीन बजे के पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। बीती रात इस गर्मी की सबसे गर्म रही। रात का तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा।


बदली और बारिश देगी राहत:15 के बाद पूर्वी यूपी के ऊपर तैयार हो रहे कारक सक्रिय हो जाएंगे। इससे पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में बदली और बारिश होगी। गर्मी से राहत मिलेगी। दिन तो ठण्डा होगा, ही रात भी ठण्डी होगी। पंद्रह जून से दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रात का पारा 26-27 डिग्री के आसपास रहेगा। लखनऊ में भी इसका असर दिखेगा। लखनऊ में 17 जून से मानसून से पहले की फुहारें मौसम को सुहाना करेंगी। इसके बाद बदली और बरसात होगी। मानसून अभी पूर्वोत्तर के राज्यों को भिगो रहा है।

मानसून की जो गति है, उसके उत्तर प्रदेश में 17 से 20 जून के बीच मानसून का प्रवेश हो सकता है।

निम्न हवा का दबाव

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पूर्वी यूपी के ऊपर निम्न हवा के दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसका असर 15 जून से ही दिखेगा। पूर्वानुमान है कि 14-15 जून तक गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। दिन का तापमान 43, न्यूनतम 29-30 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा।

मुंबई पहुंचा मानसून

मुंबई। दक्षिण-पश्चिम मानसून शनिवार को मुंबई पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह घोषणा की। आईएमडी ने ट्वीट कर कहा, मानसून अरब सागर के शेष हिस्सों, कोंकण के अधिकांश हिस्सों (मुंबई समेत), मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों और कर्नाटक के कुछ अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ गया है।