7724 समूहों को 50.53 करोड़ की सौगात दी गई


प्रयागराज,। मंडल के 3624 स्वयं सहायता समूह को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को जिला पंचायत सभागार में 50 करोड़ 53 लाख रुपये के रिवाल्विंग फंड दिया। इसके साथ ही सामुदायिक निवेश का भी लाभ दिलाया।


डिप्टी सीएम ने कहा कि समूह की महिलाएं हर क्षेत्र में बेहतरीन काम कर रही हैं। ऐसे ही लगन से काम करने से आज उनकी दशा में सुधार हुआ है। बैंक सखी, विद्युत सखी के रूप में उन्होंने खुद को स्थापित किया है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की अगुवाई में महिलाओं को नए अवसर मिले हैं, जो आगे भी मिलते रहेंगे।

उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के 1572 समूहों को 24.35 करोड़ रुपये, फतेहपुर के 768 समूहों को 12.15 करोड़ रुपये, कौशाम्बी के 884 समूहों को 9 करोड़ दो लाख रुपये, प्रतापगढ़ के 400 से अधिक समूहों को 50 लाख रुपये का रिवाल्विंग फंड दिया। वहीं सामुदायिक निवेश निधि के लिए प्रयागराज के दो हजार, फतेहपुर के एक हजार समूहों को राशि दी गई।

कौशाम्बी के 700, प्रतापगढ़ के 400 समूहों को राशि दी गई। इस फंड से आसान किस्तों पर लोन लेकर समूह की महिलाएं अपने समूह का विकास और खुद का रोजगार शुरू कर सकेंगी और अपने आपको आर्थिक रूप से सदृढ़ कर सकेंगी।


कार्यक्रम में उन्होंने बड़ौदा उत्तर प्रदेश बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सुशील कुमार और बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक को विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया। डिप्टी सीएम ने बेहतरीन काम करने वाली बैंक सखी, विद्युत सखी आदि को सम्मानित किया।

मनरेगा मेठ को मंच से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बैंकर्स के विशेष सहयोग के लिए जल्द ही उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में इलाहाबाद उत्तर के विधायक हर्ष वर्धन बाजपेई, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, सीडीओ शिपू गिरि, डीडीओ भोलानाथ कनौजिया व अन्य शामिल रहें।