हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

21 December 2022

मौसम अलर्ट : बर्फ से जमे लद्दाख-श्रीनगर, उत्तर भारत में कोहरे का कहर, जानें अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम? अभी मौसम का हाल क्या है?



उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। कोहरे के चलते बिजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। इसके चलते यूपी समेत कई राज्यों में सड़क हादसे बढ़ गए हैं। ट्रेनें रद्द होने लगी हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां बुधवार को दिन का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहा, जबकि शाम होते ही न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तक पहुंच गया। सुबह और शाम को घने कोहरे ने पूरे शहर को ओढ़ लिया। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तक जाने का अनुमान है। दिन में 20 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।


प्रयागराज की बात करें तो यहां दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा और अभी रात में नौ डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। वाराणसी में आज अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा और मौसम विभाग के अनुसार, रात में नौ डिग्री सेल्सियस से भी नीचे तापमान जा सकता है। कानपुर की बात करें तो यहां दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा और रात में 10 डिग्री तक जाने का अनुमान है। 



बरेली में आज दिन में भी काफी ठंडक रही। यहां दिन का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, रात में यहां का तापमान न्यूनतम सात डिग्री हो जाएगा। मेरठ में आज दिन का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा और अब रात में छह डिग्री तक जाने का अनुमान है। सहारनपुर में दिन का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा और अब रात में चार डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। 



हिमाचल में पारा माइनस में

हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां सात शहरों का तापमान माइनस में पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सात शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान माइनस -7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 



एमपी में उमरिया रहा सबसे ठंडा

मध्य प्रदेश में बुधवार को सबसे ठंडा उमरिया जिला रहा। उमरिया में 5.5, नौगांव में 5.8, खजुराहो में 6.6, रीवा में 7, दतिया में 7.7, ग्वालियर में 8.2, सतना-पचमढ़ी में 8.4, सीधी में 8.6, रायसेन में 9.4,जबलपुर में 9.6, मंडला में 9.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। 



लद्दाख और श्रीनगर में तो बिना बर्फबारी के ही नदी, नाले, झील और झरने जमने लगे हैं। यहां तापमान माइनस से भी नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भारी बर्फबारी की आशंका भी जताई है। 

 

अगले चार दिन तक कैसा रहेगा मौसम ?



उत्तर प्रदेश : यूपी के ज्यादातर शहरों में घना कोहरा रहने की आशंका है। पहाड़ों पर बर्फभारी का असर यूपी के मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिलेगा। यहां न्यूनतम तापमान तेजी से घटने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मऊ समेत कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा। 

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more