‘बच्चों आप खेलिए, डबल इंजन की सरकार आप के साथ’



उप मुख्यमंत्री केशव ने स्वच्छता में उपलब्धि पर सराहा
प्रयागराज। खेलो प्रयागराज महापौर कप खेल प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के स्वच्छता में सम्मानित होने की बात कहकर नगर निगम की सराहना की। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री ने समारोह में प्लास्टिक उपयोग करने के लिए मंच से ही नगर निगम को कोसा। मेहमानों को सिंगल यूज प्लास्टिक में गुलदस्ता भेंट करने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इसे बैन कर दिया है। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग हर हाल में बंद होना चाहिए। इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा। 2024 में महाकुम्भ का आयोजन हो रहा है। इसे दिव्य और भव्य बनाना है। 2019 के कुम्भ में स्वच्छता मिशाल बनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छताकर्मियों के पांव पखारे। आगामी महाकुम्भ से पूरी दुनिया को स्वच्छता पर और बड़ा संदेश देना है। इसे लिए सभी को प्रयास करना होगा।

● खेलो प्रयागराज महापौर कप प्रतियोगिता की विजेता टीमों को उप मुख्यमंत्री ने दी ट्रॉफी

● आयोजन के लिए महापौर, पार्षदों को सराहा

● मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में हुआ समापन

14 से 22 तक विशेष स्वच्छता अभियान
प्रयागराज समेत पूरे प्रदेश में 14 से 22 जनवरी क विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने खेलो प्रयागराज महापौर कप के समापन समारोह समाज के सभी वर्ग से स्वच्छता अभियान में भाग लेने का आह्वान किया। कहा, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाना है।

प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। बच्चों आप खेलिए, आगे बढ़िए, डबल इंजन की सरकार आपके साथ है। प्रयागराज के जिम्नास्ट ने अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धा में पदक जीता। अन्य अंतर्राष्ट्रीय खेलों में प्रयागराज के खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हॉकी का स्तर सुधारने के लिए यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ बनाया गया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में खेलो प्रयागराज महापौर कप प्रतियोगिता के समापन समारोह में ये बातें कहीं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर में खेल प्रतिभा होने का जिक्र किया था। घरों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए सांसद और महापौर कप खेलों का आयोजन किया जा रहा है। दोनों प्रतियोगिता में शहर और गांवों के खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। इस तरह की और भी प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। भविष्य में विधायक कप आयोजन का संकेत देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल मंत्रालय कड़ी मेहनत कर रहा है।

आयोजन की सराहना करते हुए कहा, शहर की स्वच्छता, विकास, जलापूर्ति और कीटनाशकों का छिड़काव कराने वाले महापौर और पार्षदों ने शहर के हजारों खिलाड़ियों को मौका देकर मिशाल पेश की है। इस अवसर पर महापौर उमेशचंद्र गणेश केसरवानी ने कहा कि 2014 के बाद खेलों में काफी सुधार हुआ है। अब देश के खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के खिलाड़ी पदक जीत रहे हैं। 10 मिनट के उद्बोधन के बाद उप मुख्यमंत्री ने महापौर कप विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।

समारोह समारोह में सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, केसरी देवी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, गुरु प्रसाद मौर्य, प्रवीण पटेल, राजमणि कोल, एमएलसी डॉ. केपी श्रीवास्तव, सुरेंद्र चौधरी, निर्मला पासवान, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, खेल निदेशालय की डिप्टी डायरेक्टर मुद्रिका पाठक, क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह, प्रतियोगिता के संयोजक आरएस बेदी, क्रीड़ा भारती के वीरेंद्र उपाध्याय, संयोजक आशीष द्विवेदी के अलावा तमाम खेल संघों के पदाधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।