भीषण गर्मी के चलते आजकल स्कूलों में पंजीकृत विद्यार्थियों में 10 फीसदी भी उपस्थित नहीं

 

आगरा, भीषण गर्मी के चलते आजकल जिले के परिषदीय स्कूलों में छात्र उपस्थिति चिंता का विषय बनती जा रही है। स्कूलों में उपस्थिति ना मात्र है। सैंया ब्लॉक के तीन परिषदीय स्कूलों में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड़ को तमाम खामियां मिली हैं। उन्हें स्कूल में 67 विद्यार्थियों में से 7 तो 60 बच्चों में 9 बच्चों की उपस्थिति मिली है। एक विद्यालय में शिक्षक भी नहीं मिले थे। उन्होंने सभी हेड और शिक्षकों को नोटिस जारी किया है।




बीएसए सैंया के नहचौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के औचक निरीक्षण को पहुंच गए। यहां शिक्षकों को निपुण लक्ष्य की जानकारी तक नहीं थी। स्कूल में 60 बच्चे पंजीकृत थे, जिसमें से 9 बच्चे मौके पर उपस्थित थे। शिक्षक डायरी भी तैयार नहीं थी। स्कूल को 50 हजार रुपये की कंपोजिट ग्रांट तो मिली। लेकिन, कोई कार्य नहीं कराए गए। मध्याह्न भोजन में छात्र संख्या बढ़ाकर धनराशि का दुरुपयोग मिला। उन्होंने स्कूल के हेड मास्टर सहित दो सहायक शिक्षकों को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा है। इसके बाद कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिहरू में 192 छात्र पंजीकृत थे। यहां 47 छात्र उपस्थित पाए। शिक्षक अनुपस्थित थे। कंपोजिट ग्रांट से यहां भी कार्य नहीं कराए गए थे। साफ-सफाई का अभाव था। बच्चों का शैक्षणिक स्तर भी कम था। यहां सभी शिक्षकों को नोटिस देकर जवाब मांगा है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय नगला धोबी में 67 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 7 छात्र मौके पर पाए गए। यहां बच्चों का शैक्षिक स्तर शून्य था। शिक्षक ग्रामीणों में सर्व शिक्षा अभियान की जागरूकता नहीं फैला रहे हैं। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए संपर्क नहीं कर रहे हैं। यहां के हेड मास्टर को नोटिस दिया है।