19 June 2024

तबादले को आज से कार्यमुक्त होंगे शिक्षक

प्रदेश के दो हजार से अधिक परिषदीय शिक्षकों के अंतरजनपदीय पारस्परिक स्थानान्तरण के लिए कार्यमुक्त और कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी। हाईकोर्ट के आदेश पर पूर्व में तबादले का लाभ ले चुके शिक्षकों से दोबारा आवेदन लेते हुए बीएसए के स्तर से 13 और 14 जून को सत्यापन कराया गया। उसके बाद 15 से 18 जून तक इन शिक्षक ने दूसरे जिले के शिक्षकों से जोड़ा बनाने की कार्यवाही पूरी की।

बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी की ओर से बुधवार को कार्यमुक्त और कार्यभार ग्रहण करने के लिए आदेश जारी होगा। शिक्षकों को 19 से 21 तक अपने जिले से कार्यमुक्त होने और दूसरे जिले में कार्यभार ग्रहण करने का अवसर देने की तैयारी है। अंतरजनपदीय सामान्य और पारस्परिक तबादले के लिए दो जून 2023 को शासनादेश जारी हुआ था। सामान्य तबादला तो मात्र 23 दिन में किया गया था लेकिन पारस्परिक ट्रांसफर को लेकर विवाद हो गया। कुछ ऐसे शिक्षकों ने आवेदन कर दिया था जो पूर्व में अंतरजनपदीय स्थानान्तरण का लाभ ले चुके थे। इन अभ्यर्थियों के आवेदन विभाग ने रोक दिए तो मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट ने इन शिक्षकों को भी स्थानान्तरण का लाभ देने का आदेश दिया था। इसी विवाद के कारण पूर्व में पेयर बना चुके 2234 शिक्षकों का तबादला भी फंसा हुआ था। नए सिरे से आवेदन लेने पर यह संख्या ढाई हजार के आसपास पहुंच गई है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more