हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

06 October 2024

सरकारी बैंकों में भी शुरू हुईं अग्निवीर जैसी भर्तियां

 

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में भी अस्थायी बहाली का सिलसिला शुरू हो गया है। अग्निवीर जैसी इन बहालियों में पांच से लेकर 15 हजार तक मानदेय पर कर्मचारी रखे जाएंगे। इस नई व्यवस्था के तहत सेंट्रल बैक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इण्डिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक ने भर्ती शुरू कर दी है। अप्रेंटिसशिप योजना के तहत होने वाली इन अस्थायी भर्तियों के लिए केनरा बैंक ने 3000 रिक्तियों की घोषणा की है, जिसमें यूपी के लिए 325 पद शामिल हैं।


इसी तरह यूनियन बैंक ने 500 और इंडियन ओवरसीज बैंक ने 78 पदों पर आवेदन मांगे हैं, जिसमें यूपी के लिए क्रमश 61 और आठ पद हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में पहली बार 21 से 25 वर्ष की आयु वाले युवा ट्रेनी कर्मचारी के रूप में बड़ी संख्या में रखे जा रहे हैं। इनकी नियुक्ति बैंकों में एक साल चलने वाले अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम के तहत होगी। अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम के तहत होने जा रही भर्तियों से आने वाले यह ट्रेनी कर्मचारी बैंकों की वर्कफोर्स में आई कमी को दूर करेंगे।


सुदूर इलाकों में पहुंचाएंगे सेवाएं

● अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम में युवाओं को कस्टमर रिलेशन का काम सौंपा जाएगा।


● अधिकांश ट्रेनी दूरदराज के इलाकों में नियुक्त किए जाएंगे।


● ये बैंकों की सेवाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद करेंगे।


● अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम पूरा होने के बाद बैंक में नौकरी मिलने की कोई गारंटी नहीं होगी।


● इन्हें लोन रिकवरी, बिल कलेक्शन, डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन और लोन प्रोसेसिंग जैसे काम सौंपे जा सकते हैं।

बैंकिंग उद्योग में स्थायी कर्मियों की बहाली होनी चाहिए। जो सेवा शर्तों की जिम्मेदारी के साथ कार्य कर सकें। अप्रेंटिसशिप का यह नया प्रयोग नियमित बहाली का विकल्प नहीं हो सकता। -डीएन त्रिवेदी , पूर्व संयुक्त सचिव ऑल इंडिया बैंक ऑफीसर्स एसोसिएशन


सरकारी बैंकों में घटे कर्मचारी


वित्तीय वर्ष 2014 में सरकारी बैंकों में 842,813 कर्मचारी थे। वित्तीय वर्ष 2024 के अंत में सरकारी बैंकों में कर्मचारियों की संख्या 764,679 रह गई है। जबकि 2014 में निजी बैंकों में कर्मचारियों की संख्या 303,856 थी जो बढ़कर वित्तीय वर्ष 2024 में 796,809 हो गई है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more