हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

02 March 2025

केंद्रीय कर्मचारियों को DA बढ़ोत्तरी का लाभ कब मिलेगा? अब तक के पैटर्न से समझें

 केंद्रीय कर्मचारियों को एक तरफ आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार है। दूसरी ओर कर्मचारी साल की पहली छमाही के डीए यानी महंगाई भत्ते को लेकर भी इंतजार कर रहे हैं। दरअसल, साल की पहली छमाही यानी जनवरी से जून तक की अवधि के महंगाई भत्ते पर फैसला होने वाला है। अब तक के पैटर्न को देखें तो हर साल मार्च के महीने में इस पर फैसला हो जाता है। सरकार होली के आसपास इसका ऐलान करती है। ऐसे में इस बार भी भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान होली से पहले होने की संभावना है। बता दें कि देशभर में होली का त्योहार 14 मार्च 2025 को मनाया जाएगा। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि होली से पहले होने वाली कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगाई जा सकती है।




कितना बढ़ेगा डीए

केंद्र सरकार महंगाई भत्ते में 3 से 4 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो केंद्रीय कर्मचारियों का भत्ता 57 फीसदी तक हो जाएगा। बता दें कि अक्टूबर 2024 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जुलाई छमाही के महंगाई भत्ते और महंगाई राहत की 3 प्रतिशत की अतिरिक्त किस्त को मंजूरी दी थी। इससे पहले भत्ता 50 प्रतिशत था। बता दें कि सरकार केंद्रीय कर्मचारियों को साल में 2 बार भत्ता देती है। ये छमाही आधार पर तय होता है। ये भत्ता बेसिक सैलरी के हिसाब से दिया जाता है। यह भत्ता सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के हिसाब से दिया जाता है।




8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार

अब केंद्रीय कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार है। इसी साल जनवरी महीने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन और पेंशनभोगियों के भत्तों में संशोधन के लिए आठवें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी थी। इस कदम से केंद्र सरकार के लगभग 50 लाख कर्मचारियों और करीब 65 लाख पेंशनधारकों को लाभ होगा। बता दें कि सातवें वेतन आयोग का गठन 2014 में किया गया था और इसकी सिफारिशें एक जनवरी, 2016 से लागू हुई थीं। इसकी अवधि 2026 में समाप्त हो रही है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more