06 May 2025

400 प्राइमरी स्कूलों के बच्चे स्मार्ट क्लास में कर रहे पढ़ाई

 

लखनऊ,  प्राइमरी स्कूल के बच्चे स्मार्ट क्लास में प्रोजेक्टर और स्मार्ट टीवी के जरिये रोचक तरीके से पढ़ाई कर रहे हैं। एक समय था जब बच्चों को क्लास में बैठकर पढ़ना बोझिल लगता था। शिक्षक के पढ़ाते समय नींद आती थी, आपस में बातचीत और शरारत करते थे। अब स्मार्ट क्लास आकर्षक लगने लगी है। बच्चों की उपस्थिति बढ़ गई है। स्क्रीन पर फोटो और वीडियो के जरिये चीजों को देखकर बच्चों को जल्दी समझ में आने लगा है।

ये भी पढ़ें - बीएसए ने आधा दर्जन विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

ये भी पढ़ें - समय पर नहीं आते शिक्षक, ग्रामीणों ने की शिकायत


लखनऊ के 400 प्राइमरी स्कूलों के बच्चे स्मार्ट क्लास में पढ़ाई कर रहे हैं।


लखनऊ में 1618 प्राइमरी स्कूल संचालित हो रहे हैं। नए सत्र में नगर और ग्रामीण क्षेत्र के 400 स्कूलों में स्मार्ट क्लास हो गई हैं। इन स्कूलों के बच्चे स्मार्ट क्लास में पढ़ाई कर रहे हैं। क्लास इंटरैक्टिव बोर्ड, डिस्प्ले और ऑडियो-विजुअल सिस्टम से लैस हैं। शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। शिक्षक ऑडियो-वीडियो के जरिए बच्चों को पढ़ा रहे हैं। विभाग की ओर से इन स्कूलों को दो अतिरिक्त टैबलेट मुहैया कराए जा रहे हैं।


प्राइमरी के बच्चे भी अब स्मार्ट क्लास में आधुनिक तकनीकी के साथ पढ़ाई कर रहे हैं। प्रोजेक्टर व स्मार्ट टीवी के माध्यम से बच्चों को विषयवस्तु बहुत ही आसान और रोचक तरीके से बताई जा रही है। शिक्षकों की मेहनत और विभाग की मदद से प्राथमिक विद्यालय भी उच्चीकृत हो गए है। कॉन्वेंट की तरह यहां के बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।

हरि शंकर राठौर, मीडिया प्रभारी, उप्र.प्राथमिक शिक्षक संघ


सरकार की पहल से यह संभव हुआ है। प्राइमरी स्कूलों के बच्चों के लिये स्मार्ट क्लास समेत अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया करायी जा रही हैं। स्मार्ट क्लास में बच्चे चीजों को जल्दी और आसानी से समझते हैं। बचे हुए स्कूलों में चरण बद्ध तरीके से स्मार्ट क्लास स्थापित की जा रही हैं। बच्चों को बेहतर और रोचक ढंग से पढ़ाने का शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

श्याम किशोर तिवारी, एडी बेसिक

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more