12 February 2026

इस जिले में एआई से जुड़ेंगे 1609 परिषदीय विद्यालय

 

लखनऊ। राजधानी के परिषदीय विद्यालयों को अब एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जोड़ा जाएगा। स्मार्ट कक्षाओं में विद्यार्थियों को परंपरागत के साथ आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा मिलेगी।



 जिला बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ के 1609 परिषदीय स्कूलों में एक कक्षा को स्मार्ट क्लास के रूप में विकसित किया जा रहा है। राजधानी के मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय की व्यवस्था भी बेहतर होगी। लखनऊ के आठ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के लिए आवासीय योजना और शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के लिए भी बजट की व्यवस्था की गई है।


55 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में बनेगा ड्रीम स्किल कैब क्लस्टर : प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत राजधानी के 55 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में ड्रीम स्किल कैब क्लस्टर की स्थापना होगी। यहां छात्रों को परंपरागत के साथ व्यवसायिक और कौशल आधारित शिक्षा मिलेगी। जिला माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छात्रों को व्यावसायिक, औद्योगिक और रोजगार परक तकनीक से जुड़ने और सीखने का मौका मिलेगा।


एआई डाटा लैब की मिलेगी सौगात राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से व्यावसायिक प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थी आईटी क्षेत्र से जुड़ने के साथ रोजगार के लिए परिपक्व होंगे। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास एवं इंडिया एआई मिशन के तहत राजधानी में एआई डाटा लैब की स्थापना की जाएगी। कौशल विकास विभाग के अनुसार, अलीगंज राजकीय आईटीआई, मोहनलालगंज व सरोजनीनगर की आईटीआई को उच्चीकृत किया जा रहा है। राजधानी में एआई डाटा लैब बनने से आईटीआई के साथ अन्य क्षेत्र में पढ़ाई करने वालों को बेहतर रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलेगा।