27 March 2026

यूपी टीईटी-26 में ईडब्ल्यूएस को 5% की छूट

 

आयोग की ओर से 20 मार्च को जारी किए जा चुकी हैं दिशा-निर्देश



प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 में पहली बार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों को अर्हक अंकों में पांच फीसदी की छूट दी जाएगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 20 मार्च को दिशा-निर्देश जारी किया जा चुका है।


नई व्यवस्था के तहत अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हक अंक 60 फीसदी निर्धारित किया गया है, यानी 150 में से 90 अंक लाना अनिवार्य होगा। वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, ईडब्ल्यूएस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, भूतपूर्व सैनिक और दिव्यांग

अभ्यर्थियों के लिए अर्हक अंक 55 फीसदी तय किया गया है, यानी 150 में से 82 अंक लाना होगा।


आयोग के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के प्राप्तांक का विवरण आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 2021 में


आयोजित यूपी टीईटी में ईडब्ल्यूएस वर्ग को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया था जबकि केंद्र सरकार ने जनवरी 2019 और उत्तर प्रदेश सरकार ने फरवरी 2019 में ईडब्लूएस आरक्षण लागू कर दिया था।


आयोग के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को अन्य आरक्षित वर्गों की तरह अर्हक अंकों में पांच फीसदी की छूट दी गई है। इसके लिए शासन से अनुमति मिल चुकी है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की वर्ष 2011 की टीईटी गाइडलाइन में भी यह प्रावधान है कि संबंधित संस्थाएं अपनी आरक्षण नीति के अनुसार एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य आरक्षित वर्गों को अर्हक अंकों में छूट दे सकती हैं।