27 March 2026

मूल्यांकन में अनुपस्थित 621 शिक्षकों को नोटिस

 


 बाराबंकी। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में अनुपस्थित 621 परीक्षकों को डीआईओएस ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही सभी को 28 मार्च को मूल्यांकन में पहुंचने के निर्देश दिये हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू है। इसमें दो मूल्यांकन केंद्रों में हाईस्कूल की कॉपियां केंद्र जीजीआईसी नगर में व इंटरमीडिएट की कॉपियां जीआईसी नगर में चेक की जा रही है। हाईस्कूल में केंद्र पर एक लाख 63 हजार 759 कॉपियां आवंटित हैं जबकि इंटरमीडिएट की एक लाख 56 हजार 594 कॉपियां आवंटित है। जीजीआईसी में 830 परीक्षक व डीएचई की ड्यूटी है जबकि जीआईसी में 601 परीक्षक व डीएचई की ड्यूटी लगाई गई है।




मूल्यांकन कार्य के आठ दिन हो चुके हैं जबकि 621 परीक्षक अनुपस्थित है। इनमें जीजीआईसी में 350 व जीआईसी में 271 परीक्षक शामिल है। इन शिक्षकों की लापरवाही के कारण अभी तक दोनों केंद्रों पर करीब 51.18 फीसद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो सका है। डीआईओएस ने मूल्यांकन में अनुस्थित 621 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस दी गई है। साथ ही 28 मार्च से मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिये गए हैं। इस संबंध में डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस दी गई है। इसके बाद राजकीय व अनुदानित कॉलेजों के अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी।