लखनऊ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रदेश सरकार ने तेजी बढ़ा दी है। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए कि प्रथम चरण के तहत हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 के बीच हर हाल में पूरा किया जाए।
बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। 7 मई से 21 मई तक ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक स्वयं पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।
गर्मी और लू को देखते हुए सभी जिलों को हीट एक्शन प्लान तैयार करने, सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगाने और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गो-आश्रय स्थलों में चारा, स्वच्छ पेयजल और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निगरानी के लिए संबंधित पोर्टल के उपयोग और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय करने पर जोर दिया गया है। साथ ही शहरी क्षेत्रों में स्व-गणना को बढ़ावा देने और कम भागीदारी वाले क्षेत्रों में हेल्पलाइन स्थापित कर लोगों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं।

