लखनऊ। अनियमिता व लापरवाही के आरोपी हरदोई के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अजीत सिंह के खिलाफ विभागीय जांच बैठाई गई है। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद अनुशासनिक कार्रवाई के लिए लखनऊ मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक को जांच अधिकारी बनाया गया है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से विभागीय जांच बैठाए जाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें - बेसिक शिक्षा विभाग समेत 13 विभागों के उपसचिवों की जिम्मेदारियां बदलीं
ये भी पढ़ें - महंगी किताबें छात्रों की मजबूरी बनीं, एक किताब के दो भाग, दोगुना दाम
हरदोई के बीएसए डॉ. अजीत सिंह पर आरोप है कि साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा से संबंधित फाइलों को छह महीने विलंब से प्रस्तुत किया गया। सामग्री खरीदने को जेम पोर्टल पर बिड प्रक्रिया का उल्लंघन कर सीधे खरीद की संस्तुति करने, आंगनबाड़ी एजुकेटर व एआरपी की नियुक्ति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी करने, महत्वपूर्ण तकनीकी बिड संबंधित बैठकों में अनुपस्थित रहने या विलंब से पहुंचने, शासकीय कार्यों में शिथिलता बरतने एवं विभागीय योजनाओं में रूचि न लेने का प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद जांच बैठाने का निर्णय लिया गया है।
लखनऊ मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक को पदेन जांच अधिकारी नामित किया गया है। उप्र सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के नियम-7 अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने के लिए जांच बैठा दी गई है।

