क्यूआर कोड स्कैन कर आप यहां ले सकते हैं एक हफ्ते के अंदर का समय
1947 पर करें फोन
लखनऊ, । आधार से जुड़ी कुछ जटिल समस्याओं के समाधान के लिए अब प्रदेश के लोगों को लखनऊ स्थित भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय (आरओ) के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। घर बैठे मोबाइल के जरिए आधार से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए मनचाहे दिन का अपाइंटमेंट ले सकते हैं। इससे लोग तय दिन व समय पर आएंगे और एक ही दिन में समस्या का समाधान पाकर घर लौट सकेंगे। यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय ने एक नया पोर्टल https:// genera tetoken .page /index.html लांच किया है।
यूआईडीएआई (आरओ) के उपमहानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि आधार से जुड़ी लोगों की इसी समस्या को देखते हुए यूआईडीएआई ने एक पोर्टल व क्यूआर कोड लांच किया है। इसके माध्यम से आप एक सप्ताह के भीतर किसी भी एक दिन का अपाइंटमेंट ले सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर जाना होगा या क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। नाम, मोबाइल नम्बर, आधार के अंतिम चार अंक, लिंग, आयु, जिला और सेवा का प्रकार भरना होगा। 14 अंकों की क्यूआरसी संख्या दर्ज करनी होगी। इसके बाद अपाइंटमेंट टोकन मिल जाएगा।
क्यूआरसी प्राप्त करने के लिए 1947 पर फोन करें। मामला दर्ज करने का विकल्प चुने और तीन दबायें। वहीं फिर प्रतिनिधि से बात करने के लिए 9 दबायें। इसके बाद प्रतिनिधि आपसे जरूरी जानकारी लेंगे और क्यूआरसी बता देंगे।

