प्रयागराज। विभिन्न परीक्षाओं में रिक्तियों के अधिकतम उपयोग तथा चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और अभ्यर्थी हितैषी बनाने के उद्देश्य से एसएससी ने सीजीएस 2025 से स्लाइडिंग मैकेनिज्म लागू किया है।
एसएससी मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत उन रिक्तियों को भरा जा सकेगा जो अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन के दौरान अनुपस्थित रहने अथवा चयन के उपरांत संबंधित विभागों में कार्यभार ग्रहण न करने के कारण रिक्त रह जाती थीं। इस प्रणाली के तहत प्रथम चरण में अभ्यर्थियों को उनकी वरीयता के आधार पर अस्थायी आवंटन का प्रथम चरण (एफआरटीए) के माध्यम से पद/विभाग आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद अभ्यर्थियों को अपने आवंटन की पुष्टि के लिए निर्धारित अवधि में पहचान सत्यापन (आईवी) प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसमें आधार आधारित प्रमाणीकरण, बायोमीट्रिक सत्यापन तथा लाइव फोटो कैप्चर शामिल होंगे। इस दौरान अभ्यर्थियों को फिक्स अथवा फ्लोट विकल्प का चयन करना अनिवार्य होगा। फिक्स का अर्थ है वर्तमान आवंटन को अंतिम रूप से स्वीकार करना, जबकि फ्लोट विकल्प चुनने पर अभ्यर्थी उच्च वरीयता के पद के लिए भविष्य में उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष अपग्रेड के लिए पात्र होगा। आयोग की ओर से केवल एक बार स्लाइडिंग राउंड आयोजित किया जाएगा, जिसमें पहचान सत्यापन के दौरान अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के कारण उत्पन्न रिक्तियों को फ्लोट विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों के बीच मेरिट और वरीयता के आधार पर पुनः आवंटित किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद जारी अंतिम परिणाम सभी अभ्यर्थियों और संबंधित विभागों पर बाध्यकारी होगा। अभ्यर्थियों को पहचान सत्यापन को एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्लॉट बुक करना होगा, जिसमें वे शहर/राज्य तिथि एवं शिफ्ट का चयन करेंगे। एक बार बुक स्लॉट अंतिम माना जाएगा और परिवर्तन नहीं होगा। निर्धारित तिथि और समय पर सत्यापन केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है अन्यथा अभ्यर्थन निरस्त किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें - व्हाट्सऐप ने लॉन्च किया नया कारप्ले ऐप
ये भी पढ़ें - पेंशन कोष प्रबंधन की मंजूरी मिली
ये भी पढ़ें - सोना और चांदी के कीमतों में जोरदार आया उछाल , जानिए क्या है आज का रेट
मध्य क्षेत्र में 13 से ट्रिपलआईटी झलवा में सत्यापन
अभ्यर्थियों को सत्यापन के समय अपना वैध आधार कार्ड (मूल प्रति), स्लॉट बुकिंग की प्रिंटेड प्रति तथा आवेदन में पंजीकृत मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक होगा, जिससे ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण किया जा सके। मध्य क्षेत्र में स्लाइडिंग प्रक्रिया 13 अप्रैल से भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) देवघाट झलवा में आयोजित की जाएगी।

